भास्कर संवाददाता | चूरू जिले में समर्थन मूल्य पर मूंग व मूंगफली की खरीद किसानों के लिए काफी मुश्किलों भरी साबित हो रही है। पहले 23 दिन की देरी से खरीद शुरू हुई। इसके बाद पिछले 12 दिन में अब तक सिर्फ मूंग की 4423 व मूंगफली की 7107 क्विंटल खरीद हुई है। इधर तुलाई होने के बाद भी क्रय-विक्रय सहकारी समिति (केवीके) तारानगर और उपकेंद्र कातर में किसानों को मंडी में रह कर अपनी उपज की रखवाली करनी पड़ रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि कई किसानों को तुलाई के बाद भी खरीद पर्ची नहीं मिली है। खरीद पर्ची किसान के लिए तुलाई का सबूत है। ये मिलने के बाद उनकी उपज की जिम्मेदारी केवीके की हो जाती है। अब पर्ची नहीं मिलने के कारण खुद ही दिन-रात मंडी में रह कर उपज की रखवाली कर रहे हैं। दरअसल मंडी से तुलाई होने के बाद जब उपज को गोदाम में भेजने पर वहां गुणवत्ता में कमी बता कर उसे स्वीकार नहीं किया जा रहा है। इसके चलते उपज वापस मंडी में पहुंच गई है। इसके चलते खरीद केंद्रों पर किसानों को पर्ची नहीं मिल रही है और कुछ केंद्रों पर तो तुलाई ही रुक गई है। केवीके तारानगर और उप केंद्र बीदासर पर अभी तक मूंग की बिल्कुल भी तुलाई नहीं हुई है। केवीके तारानगर में मूंग के लिए 125 व उप केंद्र बीदासर में मूंग के लिए 110 टोकन जारी हो चुके हैं। दोनों केंद्रों पर किसान अपनी उपज लेकर पहुंच चुके हैं, लेकिन तुलाई नहीं होने के कारण उन्हें मंडी में रह कर उपज की रखवाली करनी पड़ रही है। जानकारी के मुताबिक उप केंद्र कातर में भी तुलाई नहीं हो रही है। किसान अपनी उपज लिए इंतजार कर रहे हैं। वहीं तारानगर केवीके में फिलहाल मूंगफली की तुलाई भी रुक गई है। 1. रैयाटूंडा गांव के किसान रूपराम थालौड़ ने बताया कि मैंने करीब 10 दिन पहले केवीके तारानगर में 25 क्विंटल मूंगफली की तुलाई करवाई थी। तुलाई के बाद मुझे खरीद की पर्ची नहीं मिली। इस कारण मुझे मंडी में रह कर मेरी उपज की रखवाली करनी पड़ रही है। पिछले 10 दिन से दिन-रात मंडी में ही रहना पड़ रहा है। 2. तारानगर के किसान मुकेश सोनी ने बताया कि मैंने 28 नवंबर को केवीके तारानगर में 20 क्विंटल मूंग की तुलाई करवाई। तुलाई के बाद खरीद केंद्र पर मुझे खरीद की पर्ची नहीं दी गई है। तब से मुझे मंडी में रह कर ही मेरी उपज की रखवाली करनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि मेरे साथ कई और किसान भी मंडी में बैठे हैं। {जिले में अब तक मूंग के लिए 1470 व मूंगफली के लिए 1193 टोकन जारी हुए। मूंग के लिए पंजीकृत टोकन 14920 व मूंगफली के लिए 15092 हैं। केंद्र मूंग मूंगफली केवीके चूरू 707 359.8 केवीके रतनगढ़ 446 1590.4 केवीके सादुलपुर 1992 — उप केंद्र चांदगोठी 251 — उप केंद्र सिद्धमुख 533.5 — केवीके सरदारशहर 268.5 2069.2 उप केंद्र सावर 141 1485.05 केवीके सुजानगढ़ 57 633.5 उप केंद्र बीदासर 00 96.6 उप केंद्र कातर 27.5 689.85 केवीके तारानगर 00 183.5 कुल 4423.5 7107.9 {मूंग व मूंगफली तुलाई के आंकड़े क्विंटल में हैं। सादुलपुर, सिद्धमुख और चांदगोठी में मूंगफली के लिए टोकन जारी नहीं हुए हैं, यहां खरीद नहीं होगी।
