मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को बांसवाड़ा जिले के घाटोल दौरे पर रहे। एक सप्ताह में जिले के इस दूसरे दौरे के दौरान सीएम ने खमेरा स्थित स्वयंभू प्रकट भाटिया महादेव मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना कीं और भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ सीधा संवाद कर आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों का फीडबैक लिया। इससे पहले 18 अक्टूबर को मुख्यमंत्री ने त्रिपुरा सुंदरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना के बाद कार्यकर्ताओं से संवाद किया था। हेलीपैड पर भव्य स्वागत, महादेव मंदिर में की पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर 2:10 बजे खमेरा स्थित भाटिया महादेव मंदिर हेलीपैड पर उतरा, जहां स्थानीय नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सीएम सीधे भाटिया महादेव मंदिर पहुंचे और लगभग 20 मिनट तक विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेश की समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत सीएम ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ योजना के अंतर्गत मंदिर परिसर में वृक्षारोपण भी किया। पंचायत चुनाव में जीत का दिया ‘मंत्र’
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री सीधे संवाद कार्यक्रम स्थल पहुंचे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने आगामी पंचायत चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने का मूल मंत्र दिया। सीएम ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना ही हमारी प्राथमिकता हैं। कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचकर योजनाओं का लाभ दिलाएं। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष पूंजीलाल गायरी, पूर्व सांसद मानशंकर निनामा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेन्द्र प्रसाद पांचाल, गढ़ी विधायक कैलाश मीणा, बांसवाड़ा सभापति मुकेश रावत, पूर्व मंत्री धनसिंह रावत सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
