मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को बूंदी जिले के हिंडौली में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। साथ ही अमरत्या गांव में महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर आयोजित एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। यह मुख्यमंत्री का एक माह नौ दिन में बूंदी का तीसरा दौरा होगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दोपहर तीन बजे हिंडौली महाविद्यालय के पास हेलीपैड पर उतरेंगे। वहां से वे कार द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री पालबाग रोड होते हुए सवा तीन बजे रामसागर झील पहुंचेगें। वहां झील का निरीक्षण कर और उसके सौंदर्यीकरण कार्यों तथा श्रीराम प्रतिमा का शिलान्यास करेंगें। रामसागर झील से मुख्यमंत्री अमरत्या चौराहे पर पहुंचेंगे, जहां महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्री बाई फुले की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद, वे निकट स्थित लोकडेश्वर मंदिर के सामने महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती पर आयोजित सभा को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, जिला प्रभारी व ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, जलदाय विभाग के मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रभु लाल सैनी, बाबूलाल वर्मा, पूर्व विधायक चंद्रकांता मेघवाल, अशोक डोगरा, भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, प्रधान पदम नागर, कृष्ण माहेश्वरी, पूर्व जिलाध्यक्ष छितर लाल राणा और हेमराज नागर सहित कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
