सेवा एवं स्वच्छता पखवाड़े जागरूकता अभियान के तहत मुंडावर ब्लॉक के शहीद श्याम सिंह राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, कादर नंगला में बुधवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन मुंडावर पत्रकार संघ के सौजन्य से किया गया, जिसमें ग्रामीणों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदान शिविर का शुभारंभ विद्यालय स्टाफ द्वारा फीता काटकर किया गया। इस दौरान कुल 74 यूनिट ब्लड एकत्रित हुआ। विद्यालय की अध्यापिकाएँ आशा रानी और मनीषा तथा अध्यापक आदित्य शर्मा ने अपने जीवन का पहला रक्तदान किया। वहीं प्रधानाध्यापक सुमित यादव ने 23वीं बार रक्तदान कर सभी को प्रेरित किया। मुख्य अतिथि पीईईओ मनोज कुमार बेनीवाल ने कहा कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुमित यादव समय-समय पर समाजहित में सराहनीय कार्य करते रहे हैं। उनके इन कार्यों के लिए उन्हें जिला और राज्य स्तर पर सम्मानित भी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित कर समाज को एक सशक्त संदेश देने का कार्य किया गया है। शिविर के दौरान विद्यालय के अध्यापक सुदेश कुमार ने प्रत्येक कक्षा के विद्यार्थियों को रक्तदान कक्ष में ले जाकर बच्चों को रक्तदान का महत्व समझाया। विद्यार्थियों ने प्रत्यक्ष रूप से रक्तदान की प्रक्रिया को देखकर गहरी रुचि दिखाई और समाज सेवा के इस कार्य को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। वहीं ब्लड बैंक टीम की सदस्य गिरीजा सैनी ने बच्चों को रक्तदान की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित रक्तदान न केवल जरूरतमंदों के जीवन को बचाता है बल्कि यह रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। शिविर में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। ग्रामीणों में समाजसेवी भावना साफ झलक रही थी। इस मौके पर भगवान सिंह,पंच सोनासिंह, महेंद्र सिंह, सोनू सिंह, ललिता मेहरा, अंजु बाई, पुनम यादव, सोनू मिश्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और रक्तदान के महत्व को समझते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया।
