जयपुर के एमआई रोड स्थित होटल गोल्डन ट्यूलिप में गुरुवार से चार दिवसीय फूड फेस्टिवल का आगाज हो गया है। इस आयोजन में 156 प्रकार के व्यंजन शामिल किए गए हैं, जिनकी थीम ‘मिलिट्री फूड कल्चर’ पर आधारित है। होटल गोल्डन ट्यूलिप के जनरल मैनेजर श्याम भारद्वाज ने बताया कि यह फेस्टिवल रविवार तक चलेगा। इस वर्ष की थीम ‘मिलिट्री फूड कल्चर’ है, जिसमें देश के विभिन्न सैन्य अंचलों के लोकप्रिय व्यंजनों को विशेष रूप से शामिल किया गया है। प्रत्येक व्यंजन के साथ उसकी कहानी और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि भी प्रदर्शित की जा रही है। फेस्टिवल में भारतीय, कॉन्टिनेंटल, चाइनीज और पारंपरिक राजस्थानी स्वाद का अद्भुत मिश्रण प्रस्तुत किया जा रहा है। होटल ऑपरेशन मैनेजर दिनेश रावत ने बताया- आयोजन में मिठाई, स्नैक्स, स्ट्रीट फूड, लाइव कुकिंग और डेज़र्ट सेक्शन जैसे अलग-अलग जोन बनाए गए हैं। इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को विविध भारतीय स्वादों से परिचित कराना और स्थानीय खानपान संस्कृति को बढ़ावा देना है। शेफ जितेंद्र शेखावत ने बताया कि आगंतुक पारंपरिक व्यंजनों जैसे दाल बाटी चूरमा, गट्टे की सब्जी और राजस्थानी थाली का आनंद ले रहे हैं, वहीं पास्ता, सुशी और ग्रिल्ड डिशेज भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। आयोजकों ने बताया कि आगामी फूड फेस्टिवल में और भी नए व्यंजनों को जोड़ा जाएगा, ताकि आगंतुकों को हर बार नया स्वाद अनुभव मिल सके। यह आयोजन भारत की विविध खाद्य परंपराओं और सांस्कृतिक समृद्धि को प्रदर्शित करता है।
