हनुमानगढ़. रास्ता रोककर मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बजाए पीडि़त को ही शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार करने तथा पैसे लेकर बाइक छोडऩे का आरोप गोलूवाला थाना पुलिस पर लगाया गया है। इस संबंध में गुरुवार को पीलीबंगा के गांव कानेवाला खारा की 36 एलएलडब्ल्यू ढाणी निवासी सुरेन्द्र पुत्र दलीप जाट ने एसपी को ज्ञापन सौंप निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की गुहार लगाई। पीडि़त ने एक वीडियो भी दिया है जिसमें गोलूवाला थाने का कांस्टेबल करीब पांच हजार रुपए की राशि लेता नजर आ रहा है। वहीं पुलिस बुलैट बाइक सीज कार्रवाई के पैसे लेने की बात कह रही है।एसपी को सौंपे ज्ञापन में सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि बुधवार को वह अपने मौसा शीशपाल जाट निवासी 33 एलएलडब्ल्यू ढाणी, रोही गोलूवाला के घर गया था। बाइक पर वापसी के समय जैसे ही राजेन्द्र मेघवाल की ढाणी के आगे से गुजरा तो घात लगाए बैठे राजेन्द्र मेघवाल, उसकी पत्नी, भाई जगदीश और उनके पिता श्रवण ने लाठियों से हमला कर दिया। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई और वह नीचे गिर गया। आरोपियों ने उससे मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर मौसा शीशपाल और उनका पुत्र पवन आ गए और बीच-बचाव किया। मौसा ने उनको समझाया। मगर वे नहीं माने। इस दौरान पुलिस वहां आ गई और दोनों पक्षों को थाने चलने को कहा। आरोपियों ने राजनैतिक दबाव बनाकर और मिलीभगत कर उसके खिलाफ ही पुलिस से शांतिभंग की कार्रवाई करवा दी। उसने अपनी चोटें भी पुलिस को दिखाई। लेकिन कोई सुनवाई नहीं की।