डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र के बेडसा गांव में एक नाबालिग ने अपने मामा के घर के पास पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। किशोर गुजरात में मजदूरी करता था और 1 दिन पहले ही मामा के घर आया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चौरासी थाने के हेड कॉन्स्टेबल खुशपाल ने बताया कि भैसरा छोटा निवासी भरत कटारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। भरत के 3 बेटे हैं, जिनमें से 17 साल का सुरेश दूसरे नंबर का था। सुरेश बेडसा गांव में अपने मामा के पास रहता था और गुजरात में मजदूरी करता था। सुरेश सोमवार को ही गुजरात से बेडसा आया था। उसने अपने पिता भरत को नए मोबाइल के लिए फोन किया था, लेकिन पिता ने मना कर दिया था। आज सुरेश ने बेडसा गांव में अपने मामा के घर के पास पेड़ से फांसी लगा ली।
पुलिस ने डूंगरपुर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।