मानसा में बन रही एक नई सड़क के निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल के आरोपों के बाद बठिंडा से एक जांच दल मानसा पहुंचा। टीम ने सड़क के कई हिस्सों से सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। यह कार्रवाई शहर के लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर उठाए गए सवालों के बाद की गई है। शहर के सेंट्रल पार्क के पास बन रही इस सड़क को लेकर स्थानीय निवासियों ने सोशल मीडिया पर बड़े सवाल उठाए थे। उन्होंने सड़क निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर संदेह व्यक्त करते हुए जांच की मांग की थी। धांधली पाए जाने पर होगी कार्रवाई मंडी बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों ने आज(8 नवंबर) सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के लिए पहुंचे बठिंडा के एससी विपिन खन्ना ने बताया कि मानसा शहर के लोगों द्वारा सड़क को लेकर सवाल उठाए गए थे, जिसकी जांच के लिए वे विशेष तौर पर यहां पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई धांधली पाई जाती है, तो ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ठेकेदार को अभी तक भुगतान नहीं किया गया है। 100 किलोमीटर सड़कों का निर्माण हो चुका एससी विपिन खन्ना ने यह भी बताया कि मानसा जिले में कुल 370 किलोमीटर लिंक सड़कें बनाई जा रही हैं, जिनमें से 100 किलोमीटर सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है। शेष सड़कों का निर्माण कार्य मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। सड़क को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाने वाले स्थानीय निवासी परविंदर सिंह और कृष्ण सिंह ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि वीडियो देखने के बाद प्रशासन जांच के लिए पहुंचा है, लेकिन इसकी सही तरीके से जांच की जानी चाहिए।
