मानसा के सरदूलगढ़ में हुए दोहरे हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने 6 दिन बाद सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में पड़ोसी युवक गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। मानसा के एसपी मनमोहन सिंह औलख ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सरदूलगढ़ में 23 फरवरी को जसवीर सिंह और उनके माली बलदेव सिंह की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गोली मारकर नहीं, कुल्हाड़ी से की गई हत्या एसपी औलख के अनुसार, आरोपी गुरप्रीत सिंह ने पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। गुरप्रीत ने पुलिस पूछताछ में बताया कि मृतक जसवीर सिंह ने उसके पिता घोना सिंह को चाय में कुछ मिलाकर दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी। इसी बात का बदला लेने के लिए गुरप्रीत ने यह कदम उठाया। पुलिस ने बताया कि गुरप्रीत सिंह ने कुल्हाड़ी से जसवीर सिंह और बलदेव सिंह की बेरहमी से हत्या की थी। हालांकि, वारदात के दिन पुलिस ने दावा किया था कि दोनों की हत्या गोलियां मारकर की गई है। पुलिस अधिकारियों ने अब स्पष्ट किया है कि मौके पर हुई गलत-फहमी के कारण यह दावा किया गया था।
