यशी रावत ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) परीक्षा में 154वीं रैंक हासिल की है। खैरथल-तिजारा जिले की निवासी यशी वर्तमान में अलवर कृषि उपज मंडी में एडिशनल सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत हैं। खैरथल के मातोर रोड निवासी यशी का यह दूसरा प्रयास था। उनके पिता सुनील कुमार रावत किशनगढ़बास के बासकृपालनगर स्थित वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत स्कूल में प्रिंसिपल हैं।
उनके दादाजी गिर्राज प्रसाद गुप्ता खादी भंडार में व्यवस्थापक थे। क्षेत्र में यशी के चयन से खुशी का माहौल है। इससे पहले, 2024 की भर्ती में भी यशी ने इंटरव्यू के लिए क्वालीफाई किया था, जिसमें उनकी 324वीं रैंक बनी थी। मां का निधन हुआ, 20 दिन बाद था इंटरव्यू यशी के पिता सुनील कुमार रावत ने बताया कि यशी ने यह सफलता विकट परिस्थितियों में प्राप्त की है। उनकी माता रेनू खंडेलवाल लंबे समय से बीमार थीं और 15 मई 2025 को उनका निधन हो गया था। इसके ठीक बाद, 4 जून को यशी का इंटरव्यू था। मां के निधन का सदमा झेलते हुए भी यशी ने अपनी तैयारी जारी रखी। यशी ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी स्वर्गीय माता रेनू खंडेलवाल को दिया है। उन्होंने बताया कि उनकी माँ चाहती थीं कि वह एक RAS अधिकारी बनें। यशी का एक छोटा भाई रोचित रावत है, जो जयपुर में महर्षि आयुर्वेद कॉलेज से एम फार्मा कर रहा है।