लुधियाना के जगराओं में सोहिया गांव में दो दिन पहले हुए झगड़े के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। थाना सदर पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर सरपंच समेत 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों में सरपंच कुलवंत सिंह, दिलप्रीत सिंह, करनप्रीत सिंह, हरविंदर सिंह, नारंग सिंह, सुरजीत सिंह, बबलू, गुरपिंदर सिंह, हाकम सिंह, रणजीत सिंह, हरमेल सिंह, अमृतपाल सिंह और अर्शदीप सिंह शामिल हैं। ये सभी सोहिया गांव के रहने वाले हैं। जानिए महिला ने पुलिस को क्या बताया थाना सदर के एएसआई मनजीत सिंह ने बताया कि पीड़िता मनप्रीत कौर, जो सोहिया गांव की रहने वाली है और घरेलू कामकाज करती है, ने पुलिस को दिए बयानों में कहा कि 7 नवंबर की देर रात वह अपने घर के बाहर लकड़ी इकट्ठी कर रही थी। मनप्रीत कौर के अनुसार, माना वाला चौक के पास खड़े आरोपी उसे देखकर गालियां देने लगे और अश्लील इशारे किए। उन्होंने पीड़िता को धमकी देते हुए कहा कि ‘पहले तो बच गई थी, अब नहीं छोड़ेंगे’। जब पीड़िता ने आरोपियों से इसका कारण पूछा, तो उन्होंने उस पर हमला कर दिया। उसे नीचे गिराकर तलवारों से वार किए गए, जिससे उसके सिर, दोनों बाजुओं और टांग पर गंभीर चोटें आईं। इसी दौरान सरपंच कुलवंत सिंह और उसके पिता सुरजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे। सरपंच ने भी महिला पर हमला किया, जबकि सुरजीत सिंह ने उसके कपड़े फाड़ दिए। गंभीर रूप से घायल महिला को उसके परिजनों ने अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे आगे रेफर कर दिया। दो दिन पहले भी हुआ था विवाद पीड़िता मनप्रीत कौर के पति जसप्रीत सिंह और सरपंच कुलवंत सिंह के बीच पंचायती जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते दोनों पक्षों के बीच दुश्मनी बढ़ती गई थी।दो दिन पहले हुए झगड़े में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए थे, हालांकि पुलिस जांच के बाद मामला सरपंच और उसके साथियों के खिलाफ दर्ज किया गया है। पुलिस बोली- आरोपी जल्द होंगे गिरफ्तार जांच अधिकारी ने बताया कि मामले की गहराई से जांच के बाद पुलिस ने सरपंच समेत सभी 13 आरोपियों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
