फाजिल्का में आज मिड डे मील वर्कर यूनियन की बैठक पंजाब प्रधान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि लंबित मांगों को लेकर 8 मार्च, महिला दिवस के अवसर पर पंजाब विधानसभा का घेराव कर प्रदर्शन किया जाएगा। यूनियन नेताओं ने बताया कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि सरकार द्वारा किए गए वादों की याद दिलाने के लिए वे विधानसभा पहुंचेंगी। यूनियन की पंजाब अध्यक्ष बिमला देवी ने कहा कि उनकी प्रमुख मांगों में हरियाणा पैटर्न के अनुसार वेतन वृद्धि, वर्ष में सर्दी और गर्मी की वर्दी उपलब्ध करवाना, मिड डे मील वर्करों का मुफ्त बीमा, तथा स्कूलों में नियमित कार्य ही लिया जाना शामिल है। उन्होंने बताया कि पंजाब की करीब 77 हजार मिड डे मील वर्कर पिछले 25 वर्षों से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। बिमला देवी ने कहा कि महंगाई के इस दौर में मिड डे मील वर्करों को मात्र 100 रुपये दिहाड़ी पर काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि हरियाणा पैटर्न के अनुसार 7500 रुपये प्रतिमाह वेतन निर्धारित किया जाए। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो 8 मार्च को महिला दिवस के अवसर पर बड़े स्तर पर विधानसभा का घेराव कर रोष प्रदर्शन किया जाएगा।
