हनुमानगढ़ में विश्व महिला दिवस पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में काले कपड़े पहनकर आए लोगों को प्रवेश नहीं दिया गया। इस मामले ने अब तूल पकड़ लिया है।
कांग्रेस ने इसे महिलाओं के सम्मान से जोड़ते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने जंक्शन स्थित सर्किट हाउस में आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सभा में पहुंची महिलाओं के दुपट्टे तक बाहर उतरवाए गए, जो उनका अपमान है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने महिला दिवस पर महिलाओं का सम्मान करने के बजाय उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाई है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष के अनुसार, इससे भाजपा की मंशा स्पष्ट होती है कि उनका उद्देश्य नारी शक्ति का सम्मान करना नहीं, बल्कि सरकारी खर्च पर अपनी योजनाओं का प्रचार करना था। मक्कासर ने सीएम शर्मा पर हनुमानगढ़ के लिए कोई नई घोषणा नहीं करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विकास के जो मुद्दे गिनाए गए, वे सब पुरानी बजट घोषणाएं थीं और वे भी केवल घोषणाएं ही रह जाएंगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री से हनुमानगढ़ में स्पिनिंग मिल दोबारा शुरू करने, शुगर मिल खोलने और इलाके को राइस बेल्ट घोषित करने जैसे ठोस मुद्दों पर बात करने की अपेक्षा की। मक्कासर ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री आम किसानों से नहीं मिले और कई संगठनों व लोगों को अपनी समस्याएं बताने नहीं दिया गया, जिससे आमजन में निराशा है। इस प्रेस वार्ता में ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष मनमोहन सोनी, मीडिया प्रकोष्ठ प्रभारी जयराम ढुकिया, खुशी अमलानी और आमिर खान सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद थे।
गौरतलब है कि जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर कई जगह धरने जारी थे। पुलिस-प्रशासन को आशंका थी कि कुछ संगठन मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखा सकते हैं।
इसी आशंका के चलते काले कपड़े पहनकर किसी को भी मुख्यमंत्री की सभा में प्रवेश नहीं दिया गया। अतिरिक्त सावधानी बरतते हुए काले रंग के पॉलीथिन बैग तक बाहर रखवाए गए। अब विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेर रहा है।