घर में घुसकर बदमाशों ने भारी वस्तु से सिर कुचल कर महिला की हत्या कर दी। सुबह दूधवाला आया तो घर का दरवाजा खुला देख अंदर पहुंचा। किचन में गया तो फर्श पर महिला लहूलुहान पड़ी मिली। सिर पिचका हुआ था। पूरी रसोई में खून बिखरा हुआ था। उसने चिल्लाकर पड़ोसियों को बुलाया। फिर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मामला बांसवाड़ा के आनंदपुरी थाना इलाके में छाजा के ब्राह्मण मोहल्ले का मंगलवार सुबह 7 बजे का है। पुलिस के अनुसार, महिला आंगनबाड़ी में काम करती थी। पति की मौत के बाद से अकेली रह रही थी। सोने की चूड़ी, झुमके और चेन गायब
आनंदपुरी थाना के ASI रतनलाल ने बताया- कलावती पंड्या (58) पत्नी सुरेंद्र पंड्या की सिर कुचल कर हत्या की गई है। अंदेशा है कि बदमाश चोरी के इरादे से घर में घुसे थे। किसी भारी चीज से सिर पर वार किए हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि महिला ने हाथ में सोने की चूड़ियां, झुमके और चेन पहन रखी थी। वह गायब है। ASI ने बताया- कलावती विधवा थीं। घर में अकेली रहती थीं। मंगलवार सुबह दूधवाला आया तो उसने रसोई में खून से सनी लाश देखी। FSL टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मामले में जांच जारी है। महिला के 2 बेटे हैं। बड़ा बेटा अमित पंड्या पंचायत समिति में संविदा के पद पर कार्यरत है। छोटा बेटा जयेश घाटोल में रहता है और वहीं प्राइवेट जॉब करता है। आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग
आरोपियों को 24 घंटे में गिरफ्तार करने की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने मोहल्ले में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने महिला के बेटे के लिए सरकारी नौकरी और आश्रितों को 15 लाख रुपए तत्काल आर्थिक सहायता देने की भी मांग की। मांगें नहीं मानने पर चक्का जाम करने की चेतावनी दी थी। ग्रामीणों से बातचीत करने मौके पर SDM बाबूलाल, तहसीलदार नारायण लाल और नायब तहसीलदार अनिल ताबियार पहुंचे। DSP संदीप शक्तावत भी पुलिस जाब्ता के साथ पहुंचे। सीनियर अफसरों के आश्वासन देने पर ग्रामीण मान गए। इसके बाद पोस्टमॉर्टम हुआ। इनपुट -राजदीप सिंह
