लुधियाना| शहर की विभिन्न निहंग सिंह जत्थेबंदियों ने पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि मल्हार रोड पर कई पान की दुकानों में खुलेआम हुक्का बेचा जा रहा है, जबकि प्रशासन ने इस पर सख्त पाबंदी लगा रखी है। जत्थेबंदियों ने कहा कि दुकानदार ऑफलाइन के साथ सोशल मीडिया और ऑनलाइन एप्स के जरिए भी हुक्का सप्लाई कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कुछ दुकानदार नाबालिगों को भी हुक्का उपलब्ध करा रहे हैं, जो गंभीर अपराध है। जत्थेबंदियों ने चेताया कि चार साहिबजादों के शहीदी दिवस के कार्यक्रम शुरू होने वाले हैं और ऐसे पवित्र समय में शहर में नशे का कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस को 2 दिन की मोहलत देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में छापेमारी नहीं हुई और हुक्का बेचने वालों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे खुद दुकानों को बंद करवाने के लिए मैदान में उतरेंगे। जत्थेबंदियों ने कहा कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना पूरी संगत और समाज की जिम्मेदारी है और हुक्के जैसी लत को फैलने नहीं दिया जा सकता। उन्होंने मांग की कि पुलिस अविलंब सख्त कदम उठाए, ताकि हुक्का बिक्री पर रोक लग सके।