चित्तौड़गढ़ में मधुमक्खियों के काटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। बुधवार को उसके अंतिम संस्कार के दौरान श्मशान में लोगों पर मधुमक्खियों ने फिर हमला कर दिया। हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 50 लोग घायल हो गए। लोग शव को छोड़कर भाग गए। प्रशासन ने PPE किट पहनाकर अंतिम संस्कार करवाया। मामला बेगूं क्षेत्र के पारसोली का दोपहर 12 बजे का है। प्रत्यक्षदर्शी सुनील ओझा ने बताया- जमनेश (80) पर मंगलवार को मधुमक्खियों ने हमला कर दिया था, जिससे वे गंभीर घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए चित्तौड़गढ़ लाया गया, जहां बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई। इसके बाद उनके अंतिम संस्कार के लिए लोग श्मशान घाट पहुंचे थे।
अब 5 तस्वीरों में देखिए मधुमक्खियों का हमला… 4 की हालत गंभीर सुनील ओझा ने बताया- श्मशान घाट में अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थी, इसी दौरान मधुमक्खियों ने लोगों पर हमला कर दिया। सभी लोग इधर-उधर भागने लगे। 50 के करीब लोगों को मधुमक्खियों ने डंक मारे। घायलों को स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से पारसोली निवासी छीतर मल (68), रामेश्वर लाल (55), बस्सी निवासी कृष्ण भैरव (68), कुंभा नगर निवासी सुनील (62) और राणा सांगा बाजार निवासी भवानी शंकर (75) को चित्तौड़गढ़ रेफर कर दिया। इलाज के दौरान भवानी शंकर की मौत हो गई। PPE किट पहन किया अंतिम संस्कार उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया ने हालात को देखते हुए संबंधित अधिकारियों और मेडिकल टीम को अलर्ट किया। तहसीलदार गोपाल जीनगर भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने कुछ लोगों को पीपीई किट पहनाकर श्मशान घाट भेजा और अंतिम संस्कार करवाया।