जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने कहा- मैं तो फिर भी थोड़ा पीछे चला जाता हूं। ये डीएम (कलेक्टर) टीना डाबी हैं। एक बार आगे बढ़ गईं तो पीछे नहीं हटतीं, आप लोग सोच लो। मंत्री की यह बात सुनकर कलेक्टर टीना डाबी भी मुस्कुराने लगीं और चौपाल में मौजूद लोग भी हंस पड़े। दरअसल, टोंक के मालपुरा उपखंड के चैनपुरा गांव में सोमवार को रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने करीब 150 बीघा चरागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग उठाई। इस पर मंत्री ने कहा- डीएम मौजूद हैं, अभी जो होगा 100 प्रतिशत होगा। ये तो अभी टीम बना देंगे। अतिक्रमण तो हट जाएगा, लेकिन सुरक्षा का खुद से देख लेना। इस पर ग्रामीणों ने कहा कि कार्रवाई के साथ ही लोगों को कानूनी रूप से पाबंद किया जाए। मंत्री बोले- अवैध कनेक्शन खुद से काट लो रात्रि चौपाल में पेयजल की समस्या पर मंत्री ने कहा- हम सरपंच को लिस्ट दे रहे हैं, अवैध कनेक्शन खुद ही काट लो। अवैध कनेक्शनों की वजह से लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। अगर अवैध कनेक्शन नहीं हटाओगे तो फिर दिक्कत होगी। बिजली-पानी समेत कई समस्याएं उठाईं रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने बिजली, पानी, सड़क और अन्य मूलभूत समस्याओं से निजात दिलाने की मांग भी रखी। चौपाल में 57 एप्लिकेशन मिले। इनमें 150 बीघा चरागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने, चैनपुरा तालाब को मॉडल तालाब बनाने, आम रास्तों से अतिक्रमण हटवाने, खेतों तक पहुंच मार्ग उपलब्ध कराने, हैंडपंप लगवाने, पेयजल समस्या के समाधान, कम वोल्टेज की बिजली सप्लाई सुधारने, पेंशन दिलाने, पीएम आवास योजना का लाभ दिलाने और आंगनबाड़ी भवन की मरम्मत करवाने जैसी प्रमुख मांगें शामिल रहीं। मंत्री बोले- जनहित में जरूरी हैं सरकार के प्रयास कैबिनेट मंत्री ने सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। वहीं जलदाय मंत्री ने राजस्थान सरकार के प्रयासों को जनहित में बताते हुए लोगों से सोना कम खरीदने, डीजल-पेट्रोल की खपत कम करने और विदेश यात्राएं सीमित रखने की अपील भी की। उन्होंने कहा- चीन युद्ध के समय तत्कालीन प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने भी लोगों से अनाज बचाने के लिए सप्ताह में एक दिन उपवास रखने की अपील की थी।
