जोधपुर में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा- कांडला गुजरात से जालोर तक वाटर वेज बनेगा। इसमें नहर होगी और जहाज आएंगे। इसका एक अलग ही नजारा होगा। जोधपुर में गुरुवार को आए मंत्री ने यह कहा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक ली और आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। वहीं पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार की योजनाओं को गिनाया। इस दौरान जोधपुर में पानी की कमी के सवाल पर उन्होंने कहा- गर्मियों में पेयजल को लेकर ऐसी योजना बनाई जा रही है। इससे यहां पीने के पानी को लेकर कोई दिक्कत नहीं आए। उन्होंने जोधपुर में पेयजल किल्लत को लेकर कहा- राजस्थान के 40 प्रतिशत क्षेत्र को पानी सप्लाई के लिए रामजल सेतु योजना पर काम चल रहा है। शेखावाटी में पानी के लिए प्रयास किया जा रहा है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के विधायकों ने इसे लेकर मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इस क्षेत्र में पानी को लेकर ऐसी कोई योजना बननी चाहिए, जो जीवनदायिनी हो। उन्होंने कहा कि सरकार ने गांवों के विकास का रोडमैप बनाया है। अब ये अभियान 15 मई तक चलेगा। बोले- कांग्रेस के मंत्री से लेकर इंजीनियर ने किया घोटाला कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा- कांग्रेस पार्टी के शासन काल में मंत्री से लेकर इंजीनियर ने JJM में घोटाला किया था। इस भ्रष्टाचार को समेटने में थोड़ा समय तो लगता है। कांग्रेस सरकार के समय रिफाइनरी का काम लटका रहा, लेकिन अब 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से रिफाइनरी का शुभारंभ होगा। 1 लाख करोड़ की इस योजना का राजस्थान के लोग इंतजार कर रहे हैं। इससे प्रदेश में रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। कांग्रेस ने सिर्फ वादे किए, हम धरातल पर लाए अशोक गहलोत के इंतजार शास्त्र पर मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा- उनका ये करना जायज भी है, क्योंकि अब उन्हें सत्ता में आने में बहुत वर्षों तक इंतजार करना पड़ेगा। कांग्रेस और भाजपा राज की तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बजट घोषणा में सिर्फ वादे किए, जबकि हमारी सरकार ने घोषणाओं को धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के पिछले शासन काल में बजट के अंदर 4400 घोषणाएं की गई थी, जिनमें से 1900 घोषणाओं को उन्होंने पूरा किया था। जबकि हमने दो साल में 2800 घोषणाएं की, जिसमें से 2400 घोषणाएं हम पूरा कर चुके हैं। मंत्री गहलोत ने कहा- कोई भी व्यक्ति, संस्था, चाहे किसी भी दल का क्यों न हो, यदि भ्रष्टाचार करेगा तो सरकार उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा- प्रदेश में 350 से अधिक पेपर भाजपा सरकार के समय हुए, लेकिन एक भी पेपर लीक नहीं हुआ, लेकिन कांग्रेस सरकार के समय पेपर लीक हुए।