केंद्रीय कृषि मंत्री भागीरथ चौधरी ने रीट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक ली। बैठक दोपहर 12 बजे शुरू होनी थी। मंत्री बैठक के समय पहुंच गए लेकिन कलेक्टर लोक बंधु और एसपी वंदिता राणा नहीं आए। इस पर चौधरी ने नाराजगी जताई। जिला परिषद सीईओ को निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर-एसपी पहुंचे। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी समस्याएं बताई। सड़क, पानी, बिजली की समस्याओं को लेकर अफसरों पर लापरवाही, भ्रष्टाचार और परेशान करने के आरोप भी लगाए गए। चौधरी ने अफसरों को फटकार लगाई और कहा कि समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करें। कलेक्टर ने कहा-जो सदस्य नहीं, वे बाहर चले जाएं वहीं बैठक में जनप्रतिनिधि व भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे और अपनी समस्याएं बता रहे थे। इस पर कलेक्टर लोक बंधु ने कहा कि जो दिशा के सदस्य नहीं, वे बाहर चले जाए। इसके बाद सदस्यों की मौजूदगी में बैठक हुई।
समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश
चौधरी ने जल जीवन मिशन के तहत हर घर में कनेक्शन नहीं देने और पानी चालू नहीं करने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना की गति धीमी होने और बिजली ट्रिपिंग की बार-बार हो रही समस्या के समाधान के भी निर्देश दिए। हॉस्पिटल में बेहतर इलाज मिले, इसके लिए सीएमएचओ को निर्देशित किया। सड़कों की दशा सुधारने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित मुद्दे और सुझाव प्रस्तुत किए। जिन पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। केंद्रीय मंत्री चौधरी ने कहा कि सभी विभाग टीम भावना के साथ काम करें ताकि अजमेर जिला विकास के हर सूचकांक पर अग्रणी बन सके और केंद्र सरकार की योजनाएं सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना को साकार कर सकें। बैठक में नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा, मसूदा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत, भाजपा नेता किशनगोपाल दरगड़ आदि मौजूद रहे। ……… ये खबर भी पढ़िए- अंराई थाना प्रभारी लाइन हाजिर, आईजी ने किया था निरीक्षण:वर्दी में नहीं मिला स्टाफ, CCTV भी बंद थे; बिना किसी कारण लोगों को थाने में रोका अजमेर रेंज के आईजी राजेंद्र सिंह की ओर से किए गए निरीक्षण में स्टाफ का वर्दी में नहीं मिलना, थाने पर लगे सीसीटीवी कैमरों का बंद मिलना, बिना किसी कारण के लोगों को थाने में रोकना और आदेशों कीअवहेलना करना अराईं थाना प्रभारी को भारी पड़ गया। अजमेर एसपी वंदिता राणा ने थाना प्रभारी एसआई भोपाल सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। (पूरी खबर पढे़)
