चौमूं में कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा- मैं जब आ रहा था तो गाड़ी में पूर्व विधायक रामलाल शर्मा ने कहा कि अगर प्रचार में आ जाते तो मैं विधायक बन जाता। अब क्या होता ये तो समय बताता। मैंने कहा- मेरे कपड़े भी आपने ही फड़वाए थे। रामलाल ने कहा कि कपड़े फट गए इसलिए अपना राज आ गया। इस दौरान नीचे बैठे लोगों ने कहा कि उस समय सरकार कांग्रेस की थी। किरोड़ी लाल मीणा चौमूं में रविवार दोपहर करीब 3 बजे राजस्थान आदिवासी मीणा सेवा संघ के नवनिर्मित सभा भवन का लोकार्पण करने पहुंचे थे। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए ये बात कही। आमागढ़ में झंडा फहराने की बात से गहलोत की चिंता बढ़ गई थी
किरोड़ी लाल मीणा ने आमागढ़ विवाद के बारे में बोलते हुए कहा- जब मैंने कहा था कि आमागढ़ पर झंडा फहराएंगे। इसके बाद गहलोत का बयान आया कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता। फिर मैंने कहा कि किरोड़ी लाल मीणा जाएगा, देख लेना। उन्होंने कहा- यह कितना बड़ा तमाशा है कि सम्मान का स्थान हो, वहां पर समाज का अपमान हो जाए। इसलिए गहलोत साहब को मैंने जब बयान दे दिया तो उनकी चिंता बढ़ गई। इसके बाद आमागढ़ के दरवाजों पर हजार पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए और कई एसपी, लाठी, बंदूक, आंसू गैस और ड्रोन तक लगाए गए, जो आसमान में उड़ रहे थे। उसके बावजूद हम 9 लोगों ने जाकर आमागढ़ पर झंडा फहराया। झंडा फहराने के बाद हमें गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद आप सब लोगों ने जगह-जगह आंदोलन किया, बहुत से लोग सड़क पर उतरे। पूरे राजस्थान में लोग सड़कों पर उतरे और ढाई घंटे से ज्यादा समय तक सरकार हमें थाने में नहीं रख पाई और छोड़ना पड़ा। किराड़ी बोले- मार्बल के चूने से नकली खाद बनाई जा रही
किरोड़ी लाल मीणा ने कहा- मैं राजस्थान के किसानों को उत्तम खाद, उत्तम बीज और कीड़े मारने की दवाई हर किसान के घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाऊं, यही मेरी प्राथमिकता है। इसलिए मैं कृषि मंत्री बना हूं। जितने भी नकली खाद बनाने वाले थे, उनके खिलाफ 72 मुकदमे दर्ज किए गए हैं और 22 के लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं। उन्होंने कहा- मैं प्रधानमंत्री से बीज के मामले में मिलने जा रहा हूं। मार्बल के चूने से नकली खाद बनाई जा रही थी। इस पर भारत सरकार ने सख्त कानून लाने का निर्णय किया है, ताकि कोई भी नकली खाद बनाकर किसानों को न दे सके। मीणा ने कहा- अगर नकली बीज बनाए जाते हैं तो अभी 500 रुपए से ज्यादा जुर्माना नहीं लगाया जा सकता, इसलिए केंद्र सरकार से निवेदन करके ऐसा सख्त कानून लाया जाएगा कि लाखों की पेनल्टी लगे और वर्षों की सजा हो। यह हमारी जिम्मेदारी है। किरोड़ीलाल मीणा की ये खबर भी पढ़ें जयपुर के दुर्लभजी हॉस्पिटल में बॉडी को लेकर हंगामा:आरोप- बिल नहीं चुकाने के कारण शव रोका; किरोड़ीलाल बोले- ये सरकार की कमजोर मॉनिटरिंग जयपुर के संतोकबा दुर्लभजी हॉस्पिटल में एक शव को लेकर हंगामा हुआ। मृतक के परिवार ने आरोप लगाया कि हॉस्पिटल बिल नहीं चुकाने के कारण शव नहीं दे रहा है। परिवार ने इसकी जानकारी मंत्री किरोड़ीलाल मीणा को दी। रविवार सुबह किरोड़ी मीणा हॉस्पिटल पहुंचे और शव परिजनों को दिलवाया। पूरी खबर पढ़ें
