पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने गुरुवार को पठानकोट में होने वाले राज्य स्तरीय हिंदू नववर्ष संवत समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। यह आयोजन 12 अप्रैल को रामलीला ग्राउंड में होगा। मंत्री कटारूचक्क ने मंच व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और बैठने की सुविधाओं सहित अन्य तैयारियों की समीक्षा की। मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने जानकारी दी कि इस समारोह में देश की कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। इनमें आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। मंदिर में की जाएगी पूजा-अर्चना
कटारूचक्क ने बताया कि हिंदू संस्कृति के अनुसार नववर्ष एक पवित्र और शुभ अवसर है, जिसे सभी धर्मों के लोग श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाते हैं। इस अवसर पर मंदिर में पूजा-अर्चना की जाएगी और लोगों के साथ खुशियां साझा की जाएंगी। पठानकोट के निवासियों से पहुंचने की अपील
उन्होंने निर्देश दिए कि समारोह की तैयारियों में कोई कमी न रहे और सभी प्रबंध समय पर पूरे किए जाएं। मंत्री ने यह भी कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में भाईचारा व एकता मजबूत होती है। उन्होंने पठानकोट के निवासियों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर नववर्ष की खुशियां मनाएं। निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे आप के पदाधिकारी
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कमिश्नर डॉ. पल्लवी, एसएसपी दलजिंदर सिंह ढिल्लों, उप माजहा जोन इंचार्ज रोहित सियाल, जिला परिषद सदस्य भूपिंदर सिंह, हिंदू कोऑपरेटिव बैंक चेयरमैन सतीश महिंदरू, तहसीलदार परम्प्रीत सिंह गोरैया और एसपी मनोज ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित थे।