फतेहगढ़ साहिब जिले के मंडी गोबिंदगढ़ में मंगलवार एक भीषण हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई। जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने जांच शुरू कर दी। घायल मजदूर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हुए यह है कि फैक्ट्री के शेड में करीब 20 फुट की ऊंचाई पर काम कर रही दो क्रेनों की आपस में भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रेन और शेड का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिर गया। वहां काम कर रहे हर्ष मिश्रा, सत नारायण और लकरू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अमरीक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। 20 फुट की ऊंचाई पर टकराईं क्रेनें, मचा हड़कंप प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, रोजाना की तरह फैक्ट्री में काम चल रहा था और क्रेन के जरिए माल उठाया जा रहा था। इसी दौरान शेड में अचानक दो क्रेनों की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के वक्त फैक्ट्री में कई अन्य मजदूर भी मौजूद थे। घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए घायलों को सिविल अस्पताल मंडी गोबिंदगढ़ पहुंचाया। डॉक्टरों ने 3 को मृत घोषित किया, 1 चंडीगढ़ रेफर सिविल अस्पताल मंडी गोबिंदगढ़ की डॉक्टर रितु ने बताया कि अस्पताल लाने से पहले ही तीन मजदूरों की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल अमरीक सिंह की प्राथमिक जांच के बाद हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें तुरंत चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शुरू की मामले की जांच हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले की जानकारी देते हुए एएसआई (ASI) जगरूप सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि हादसा दो क्रेनों की टक्कर और शेड टूटने के कारण हुआ है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
