हनुमानगढ़ टाउन धान मंडी में आगामी गेहूं खरीद सीजन के लिए मंडी को पांच अलग-अलग ब्लॉक में बांटकर खरीद प्रक्रिया संचालित करने पर सहमति बनी है। यह निर्णय मंगलवार को फूडग्रेन मर्चेंट्स एसोसिएशन की बैठक में लिया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आगामी खरीद सीजन की तैयारियों और मंडी की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। व्यापारियों ने मंडी में जगह की कमी, माल उठाव और यातायात व्यवस्था को लेकर संभावित समस्याओं पर विचार किया। उनका मानना है कि इस बार गेहूं की बंपर पैदावार होने की संभावना है, जिससे मंडी में पिछले साल के मुकाबले अधिक आवक हो सकती है। संस्था सचिव दलीप सिंह ढिल्लों ने बताया कि इस बार सरकार की ओर से पांच एजेंसियों के माध्यम से गेहूं की खरीद की जाएगी। व्यापारियों ने एफसीआई के माध्यम से खरीद करवाने की मांग रखी थी, जिस पर प्रशासन ने मौजूदा व्यवस्था में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। इसके बाद व्यापारियों ने मंडी को पांच ब्लॉक में बांटने पर सहमति व्यक्त की, ताकि भीड़ कम हो और व्यवस्था सुचारु रूप से चल सके। बैठक में यह भी मांग उठाई गई कि गेहूं खरीद से जुड़े लेबर कार्य, जैसे हैंडलिंग और सिलाई, कच्चा आढ़तियों के माध्यम से करवाए जाएं। व्यापारियों ने इन कार्यों में अपने अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि वे इन्हें बेहतर तरीके से संभाल सकते हैं। हालांकि, उन्होंने इन कार्यों के लिए ईपीएफ या ईएसआईसी जैसी बाध्यताओं से छूट की मांग की। व्यापारियों ने गेहूं की सरकारी खरीद पर प्रति क्विंटल 150 रुपए बोनस घोषित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी जताया। बैठक में खाद्य व्यापार संघ के जिलाध्यक्ष अजय सर्राफ सहित मंडी के कई व्यापारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।

You missed