लुधियाना विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्ट सरकारी अधिकारियों के खिलाफ कमर कस ली है। लुधियाना एपैक्स चैंबर के बैनर तले आयोजित एक जागरूकता बैठक में एसएसपी विजिलेंस रपिंदर कौर सरां ने इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद किया और उन्हें भ्रष्टाचार मुक्त माहौल का भरोसा दिलाया। बैठक में विभिन्न इंडस्ट्री के नुमाइंदों ने शिरकत की और सरकारी दफ्तरों में काम करवाने के दौरान रिश्वत मांगे जाने के अपने दुखड़े सुनाए। इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों ने एसएसपी सरां से सीधे कहा कि उन्हें छोटे से छोटे काम के लिए भी सरकारी दफ्तरों में रिश्वत देनी पड़ती है जिससे इंडस्ट्री का काम प्रभावित होता है। इस पर एसएसपी रपिंदर कौर सरां ने उन्हें तुरंत कार्रवाई का आश्वासन दिया।
एसएसपी ने कहा कि अगर कोई भी अधिकारी या कर्मचारी आपसे रिश्वत मांगता है, तो तुरंत हमारी हेल्पलाइन पर कॉल करें। आपकी पहचान गुप्त रखी जाएगी। इंडस्ट्री ने ग्रुप बनाने की दी सलाह एपैक्स चैंबर के प्रतिनिधि राहुल आहूजा ने इस बैठक को बहुत अच्छी बताया। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री को विजिलेंस ब्यूरो के काम करने के तरीके के बारे में पता नहीं था। आहूजा ने सुझाव दिया कि जिस तरह अन्य विभागों के साथ इंडस्ट्री के व्हाट्सअप ग्रुप बने हैं, वैसे ही विजिलेंस ब्यूरो भी एक ग्रुप बनाए। राहुल आहूजा ने कहा कोई भी मुद्दा आने पर हम उसे ग्रुप में डाल देते हैं। इसी तरह विजिलेंस भी एक ग्रुप बनाए ताकि इंडस्ट्री सीधे अपनी शिकायतें या सुझाव आप तक पहुंचा सके।
