भास्कर न्यूज | लुधियाना ग्रीन लैंड कॉन्वेंट स्कूल सिविल सिटी के विद्यार्थियों ने मिलेनियम स्कूल में आयोजित एलएसएससी फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं सामाजिक जागरूकता प्रदर्शित करने का सजीव मंच मिला। कक्षा प्रथम के छात्र हारून ने रॉबिन हुड के रूप में मंच पर अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। न्याय तथा वंचितों की सहायता पर आधारित उनका सशक्त संदेश सभी पर गहरी छाप छोड़ गया। इसी प्रकार कक्षा चौथी की छात्रा भूमिका ने सोफिया कुरैशी का किरदार अत्यंत आत्मविश्वास और गरिमा के साथ निभाया। साहस, नेतृत्व और महिला सशक्तिकरण पर आधारित उनकी प्रभावशाली प्रस्तुति के लिए उन्हें द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विद्यालय ने समग्र रूप से द्वितीय स्थान की ट्रॉफी अपने नाम की। ग्रीन लैंड स्कूल श्रृंखला के अध्यक्ष डॉ. राजेश रुद्रा ने इन नन्हे विजेताओं को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि ऐसी उपलब्धियां इस संस्था के उस दृढ़ विश्वास को सुदृढ़ करती हैं कि समग्र शिक्षा ही आत्मविश्वासी, उत्तरदायी एवं मूल्यों से परिपूर्ण व्यक्तित्व का निर्माण करती है। विद्यालय की डायरेक्टर डा. विजेता रुद्रा ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी।