भीलवाड़ा में नाथद्वारा के श्रीनाथजी की तर्ज पर बालाजी मार्केट स्थित बालाजी मंदिर में आज अन्नकूट महोत्सव का आयोजन होगा। 101 हलवाइयों की टीम करीब 21 हजार किलो अलग-अलग तरह की सब्जियां, 35 कट्टे चावल और 15 कट्टे चौला से मिलाकर महाप्रसाद तैयार किया है। इसके लिए 31 टिन तेल और 11 टिन देशी घी काम में लिया। गोबर और पीली मिट्टी से भट्टियों बनाई गई हैं। शाम करीब 7 बजे महाआरती के बाद भगवान को भोग लगाकर श्रद्धालुओं को महाप्रसाद बांटा गया। आयोजकों का दावा है कि करीब 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे। आरती के बाद प्रसाद वितरण शुरू हो चुका है .. देर रात तक दोनों मंदिरों में प्रसाद वितरित किया जाएगा। 56 सालों से हो रहा आयोजन
मंदिर के पुजारी आशुतोष शर्मा ने बताया- बालाजी मंदिर में पिछले 56 सालों से यह अन्नकूट महोत्सव मनाया जा रहा है। जगह कम होने के कारण छप्पनभोग के लिए करीब 501 किलो मिठाइयां बाहर से तैयार कराई गई। इनमें सबसे अधिक मात्रा नुक्ती की है। साथ ही 21 तरह की सब्जियों का प्रसाद बनाया गया, जिनमें आलू, कद्दू, लौकी, काचरा, टमाटर, मूली, बैंगन, ग्वारफली, चनाफली, गोभी, पत्ता गोभी, आंवला, अरवी, शक्करकंद, हरी मिर्च, रतालू आदि मिक्स हैं। देखिए…महाप्रसाद तैयारियों ओर वितरण की तस्वीरें हनुमानजी के स्वर्ण चोला में होंगे दर्शन
पुजारी के नेतृत्व में हनुमानजी और रामदरबार का विशेष श्रृंगार के साथ ही अन्नकूट प्रसाद के रूप में मिक्स सब्जियों के साथ ही चावल- चौला का भोग लगाया गया। छप्पन भोग धराने से पहले श्री हनुमानजी को स्वर्ण चोला चढ़ाया गया हैं। वल्लभ संप्रदाय की प्रधान पीठ श्रीनाथजी की तर्ज पर हनुमानजी महाराज के सम्मुख गिरिराज स्वरूप अन्नकूट का नैवेद्य धरा शाम 7 बजे महाआरती के बाद भक्तों में प्रसाद बांटा जा रहा है। संकट मोचन मंदिर में 4 हजार किलो सब्जियों का अन्नकूट
बालाजी मंदिर के अलावा शहर के संकटमोचन हनुमान मंदिर में भी अन्नकूट महाप्रसाद तैयार हुआ। 4 हजार किलो से ज्यादा विभिन्न प्रकार की सब्जियों का उपयोग किया गया। 50 से अधिक हलवाइयों की टीम इसे भक्तों की सहभागिता से तैयार करने में लगी थी। अन्नकूट के महाप्रसाद को तैयार करने में तेल के 20 से अधिक टिन और 5 टिन से शुद्ध घी का उपयोग किया गया। सब्जियों में पनीर के साथ काजू, बादाम, किशमिश, पिस्ता, केसर आदि को भी मिलाया गया। संध्या आरती के बाद बंटेगा
सब्जियों का जायका बढ़ाने के लिए तेज पत्ता, लौंग, दालचीनी, इलायची, गरम मसाला आदि का भी तड़का लगाया गया। अन्नकूट के प्रसाद में गुलाब जामुन सहित कई तरह की मिठाइयां भी शामिल की हैं। अन्नकूट के मौके पर हनुमानजी महाराज को विशेष चोला भी चढ़ाया गया। अन्नकूट पर शाम को संध्या आरती के बाद महंत बाबूगिरी महाराज के सानिध्य में महाआरती के बाद महाप्रसाद का वितरण शुरू हुआ।