भीलवाड़ा पुलिस ने सड़क सुरक्षा माह के अंतिम दिन 150 मोडिफाइड बुलेट बाइक के साइलेंसर पर बुलडोजर चला कर उन्हें नष्ट कर किया साथ ही बाइक पर स्टंट करने वालों को कड़ा संदेश दिया है। पुलिस का कहना है की अगर बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी आवाज निकालने की कोशिश की तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान बाजार पुलिस के इस बुलडोजर अभियान को देखने बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत SP धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में यातायात शाखा, कोतवाली, भीमगंज, सुभाष नगर और प्रताप नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। भीड़भाड़ वाले इलाकों में बुलेट बाइक से तेज आवाज निकालने की शिकायतों पर पुलिस ने अभियान चलाया। 150 हाई नॉइस साइलेंसर जब्त
प्रोबेशनर आईपीएस माधव उपाध्याय ने बताया कि बुलेट बाइक में लगाए गए करीब 150 मॉडिफाइड और हाई नॉइस साइलेंसर जब्त किए गए। ये साइलेंसर बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को डराने और परेशान करने का कारण बन रहे थे। सड़क पर बिछाकर बुलडोजर चलाया
जब्त किए गए सभी साइलेंसर को बाइक से खुलवाकर पुलिस कंट्रोल रूम के सामने सड़क पर बिछाया गया। इसके बाद बुलडोजर चलाकर इन्हें स्क्रैप में बदल दिया गया। कुछ ही मिनटों में सभी साइलेंसर नष्ट कर दिए गए।
कंपनी फिट साइलेंसर ही मान्य
आईपीएस माधव उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि कंपनी द्वारा फिट साइलेंसर ही बाइक में मान्य हैं। मॉडिफाइड साइलेंसर मिलने पर चालान और जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। कॉलेज और पब्लिक प्लेस में मिलती थीं शिकायतें
पुलिस के अनुसार कॉलेज स्टूडेंट्स द्वारा गर्ल्स कॉलेज, भीड़भाड़ वाले एरिया और पब्लिक प्लेस में तेज आवाज निकालने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। अचानक तेज आवाज से लोगों को परेशानी होती है और एक्सीडेंट की संभावना भी बढ़ जाती है। बाइकर्स को यातायात नियमों की हिदायत
पुलिस ने सभी बाइकर्स को यातायात नियमों का पालन करने और बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग नहीं करने की हिदायत दी है। पुलिस ने कहा कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान एसपी धर्मेंद्र सिंह, एसपी पारस जैन, भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी, सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश कुमार बिश्नोई, कोतवाल शिवराज गुर्जर सहित बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौजूद रहे।
