भीलवाड़ा जिले में गाय को बचाने के दौरान ट्रैक्टर- ट्रॉली पलटी गई। हादसे में उसमें बैठे बच्चों समेत 24 से ज्यादा श्रमिक घायल हो गए। सभी रविवार होने से कस्बे में राशन सामग्री लेने के लिए आए थे। हादसे के बाद हाईवे पर दोनों और लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस ने पहुंचकर जाम खुलवाया। गाय को बचाने के दौरान हुआ हादसा मामला बीगोद थाना क्षेत्र का है। कस्बे के भीलवाड़ा- लाडपुरा मेगा हाईवे पर पावन धाम के पास रविवार शाम को एक गाय को बचाने के दौरान ट्रैक्टर- ट्रॉली सड़क के किनारे पलट गई। पलटने से ट्रॉली में बैठे श्रमिक और बच्चे घायल हो गए। वहीं राशन सामग्री बिखर गई। राशन सामग्री खरीदने कस्बे में आए थे
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार किया गया। सूचना पर बीगोद पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। बीगोद थाना प्रभारी जय सुल्तान ने बताया कि कस्बे से खरीदारी कर ईंट भट्टों पर काम करने वाले श्रमिक ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर चारभुजा ईट उद्योग सोपुरा गांव जा रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 24 से ज्यादा श्रमिक घायल हो गए। 5 की हालत नाजुक जिला अस्पताल के पीएमओ डॉक्टर अरुण गौड़ ने बताया- बीगोद थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे में 19 घायलों को यहां जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इनमें से 4 से 5 जनों की हालत गंभीर है। इलाज किया जा रहा है। फिलहाल जिला अस्पताल घायल ललिता देवी, पीयूष कुमार, आशा देवी, गोरेलाल, माया देवी, पप्पूलाल, अली हुसैन, अमृता, सोना, ऋतिक, कंचन देवी, राजपाल, मंटू समेत अन्य का इलाज जारी है।
