भीलवाड़ा में रविवार को पांच साल के मासूम की कुएं में गिरने से मौत हो गई। बकरियां चराने गया बच्चा खेलते-खेलते सार्वजनिक कुएं के पास पहुंच गया, जहां अचानक पैर फिसलने से वह गहरे कुएं में गिर गया। करीब ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसा जिले के बनेड़ा थाना क्षेत्र के उपरेड़ा गांव में हुआ। उपरेड़ा गांव निवासी शंकर लाल दरोगा का बेटा हंसराज(5) गांव स्थित तेजाजी मंदिर के पास बकरियां चरा रहा था। इसी दौरान वह अन्य बच्चों के साथ सार्वजनिक कुएं के आसपास खेल रहा था। खेलते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे कुएं में जा गिरा। बच्चों ने दी सूचना, ग्रामीणों ने शुरू किया बचाव
हंसराज के साथ खेल रहे बच्चों ने दौड़कर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया और पानी की मोटर लगाकर कुएं का जलस्तर कम करने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों और गोताखोरों की टीम ने करीब ढाई घंटे तक लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत
कड़ी मशक्कत के बाद मासूम को कुएं से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना पर बनेड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मासूम का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
भीलवाड़ा में कुएं में गिरने से मासूम की मौत:पैर फिसलने से हुआ हादसा; ढाई घंटे बाद निकाली जा सकी बॉडी
