भीलवाड़ा जिले ने जल संरक्षण और जनसहभागिता के क्षेत्र में सराहनीय काम करने पर न केवल राजस्थान में प्रथम स्थान हासिल किया है, बल्कि केंद्र सरकार की ‘जल संचय जन भागीदारी (JSJB) 1.0’ अभियान में देश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। दिल्ली में राष्ट्रपति ने किया सम्मान इस उपलब्धि के लिए जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू को आज नई दिल्ली में आयोजित समारोह में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा सम्मानित किया गया। जिले में संचालित इस अभियान के परिणामस्वरूप भूमिगत जल स्तर में औसतन 3.57 मीटर की वृद्धि दर्ज हुई है।यह उपलब्धि जनप्रतिनिधियों जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों और ग्रामीण-शहरी जनता के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। जिला कलेक्टर के नेतृत्व में अभियान की प्रमुख उपलब्धियां ‘जल संचय जन भागीदारी 1.0’ अभियान के तहत कुल 1,01,910 कार्य संपन्न किए गए। इनमें से 46,526 नए जल ढांचों का निर्माण , 55,384 जल संरचनाओं की मरम्मत शामिल है, जिनसे जल संचयन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। प्रशासन की पहल और जनसहभागिता से देशभर में दूसरा स्थान जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के नेतृत्व में भीलवाड़ा में जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जल संरचनाओं के निर्माण व मरम्मत, भू-जल पुनर्भरण के लिए तकनीकी उपाय, जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्रामसभाओं, कार्यशालाओं और विशेष जागरूकता कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी। जिले को मिलेगी 2 करोड़ प्रोत्साहन राशि जिला कलेक्टर ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी है,और हर बूंद के सही उपयोग से ही स्थायी परिवर्तन संभव है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जनसहभागिता के परिणामस्वरूप जल स्तर में वृद्धि हुई है ।उन्होंने कहा कि बढ़ते जल स्तर से कृषि, पेयजल उपलब्धता और पर्यावरण संरक्षण में दीर्घकालिक लाभ होंगे। जिले को केंद्र सरकार की ओर से 2 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी।