भरतपुर के बयाना में ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि राहगीर ने दुकानों में घुसकर खुद को बचाया। पथराव में सीओ कृष्ण राज जांगिड़ और सदर थाना पुलिस की गाड़ियों के शीशे टूट गए। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर लोगों को मौके से खदेड़ा। जमीन के विवाद को लेकर ग्रामीणों ने भीमनगर तिराहे पर स्टेट हाईवे पर जाम लगाया था। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर बैठे 2 युवकों को उठाकर गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ियों पर पथराव कर दिया। पहले देखिए घटनाक्रम से जुड़े 3 PHOTOS… अधिकारी ग्रामीणों से बात कर रहे थे, कुछ लोग उत्तेजित हो गए
सीओ कृष्ण राज जांगिड़ ने बताया- गढ़ी बाजना थाना क्षेत्र के गुर्धा गांव में रास्ते की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इस विवाद को लेकर गांव के सियाराम और भरत सिंह गुर्जर पक्ष और दूसरे पक्ष महाराज सिंह और बृजेंद्र जाटव ने थाने में एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दे रखी है। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांति भंग नहीं करने को लेकर एसडीएम कोर्ट से पाबंद भी कराया है। सोमवार को मुकदमे में कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीण पुलिस से मिले थे। संतुष्ट नहीं होने पर ग्रामीणों ने बयाना-भरतपुर स्टेट हाईवे पर भीमनगर तिराहे पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर एडिशनल एसपी हरिराम कुमावत, नायब तहसीलदार वैशाली धाकड़, राजस्व निरीक्षक आशीष सारस्वत, सुमरन सिंह, कमल सौंकिया और पटवारी मोहित कुमार के साथ मौके पर पहुंचे। दोपहर करीब 2.30 बजे अधिकारी ग्रामीणों से बात कर रहे थे। इस दौरान कुछ लोग उत्तेजित हो गए। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा
सीओ कृष्णराज जांगिड़ ने बताया- पुलिस की ओर से सख्ती दिखाने पर भीड़ भड़क उठी और पथराव शुरू कर दिया। जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज कर लोगों को तितर-बितर किया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। शांति बनाए रखने के लिए क्यूआरटी और आसपास के थानों से बुलाए गई फोर्स को तैनात किया गया है। पथराव में 2 पुलिसकर्मी घायल, गाड़ियों के शीशे टूटे
जानकारी के अनुसार, पथराव के दौरान 2 पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गए, जबकि पुलिस की गाड़ियों के शीशे चकनाचूर हो गए। हालात बिगड़ने पर बयाना, सदर, गढ़ी बाजना और भुसावर सर्किल से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पथराव करने वालों की तलाश में जुटी पुलिस
एडिशनल एसपी हरिराम कुमावत ने कहा- हमलावरों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर पुलिस फोर्स तैनात की गई है और शांति बनी हुई है। ये खबर भी पढ़िए… जयपुर में दो पक्षों में हुई पत्थरबाजी, VIDEO:कांच की बोतलें निकालकर लाए लोग, दूसरे पक्ष पर फेंकी; 11 गिरफ्तार जयपुर के रामगंज में महिला पर कमेंट को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव किया। पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। शनिवार देर रात पहाड़गंज में हुए विवाद के बाद अब मौके पर शांति बनी हुई है। पुलिस मौके पर तैनात है। रविवार को पथराव का वीडियो सामने आया है। (यहां पढ़ें पूरी खबर)