हनुमानगढ़. राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती लिखित परीक्षा जिले में 32 केन्द्रों पर हो रही है। तीन दिन छह पारियों में चलने वाली इस परीक्षा में पहले दिन शुक्रवार को दोनों पारियों में 18 हजार से अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा प्रभारी एडीएम उम्मेदीलाल मीणा ने बताया कि परीक्षा पूर्णत: शांतिपूर्ण ढंग से हुई। कहीं से भी किसी तरह की दिक्कत सामने नहीं आई।पत्रिका ने कई परीक्षा केन्द्रों का जायजा लिया तथा परीक्षार्थियों से बातचीत की तो रोचक स्थिति सामने आई। चतुर्थ श्रेणी भर्ती परीक्षा के लिए न्यूनतम योग्यता भले ही दसवीं कक्षा पास रखी गई हो। मगर परीक्षा देने बड़ी संख्या में ऐसे अभ्यर्थी भी आए जो बड़ी-बड़ी डिग्रीधारी थे। इसका प्रमुख कारण तो यही सामने आया कि बढ़ती बेरोजगारी के दौर में कोई सरकारी नौकरी एक दफा हासिल कर लें। बाद में नौकरी के दौरान तैयारी करते हुए अन्य परीक्षा देते रहेंगे। इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षा का अनुभव लेने की मंशा से भी बड़ी डिग्रीधारियों ने यह इम्तिहान दिया।
