राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राजेन्द्र मार्ग में आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान, गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। उद्घाटन समारोह में सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि भारत के सॉफ्टवेयर इंजीनियर 2025 तक गूगल सर्च इंजन का स्वदेशी विकल्प तैयार कर राष्ट्र को समर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे देश का डाटा सुरक्षित रहेगा और राष्ट्रीय सुरक्षा की गोपनीयता बनी रहेगी। शिक्षाविद् शंकरलाल माली ने कहा कि भारतीय ज्ञान-विज्ञान और दर्शन की चमक आज विश्व को अचंभित कर रही है। हमारे वेद, उपनिषद, पुराण और शास्त्रों में लिखा ज्ञान आज विज्ञान की कसौटी पर खरा उतर रहा है। इससे भारतीय दर्शन की वैश्विक स्वीकार्यता बढ़ी है।