भारतमाला हाईवे पर कैंपर के नीचे दबने से एक बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं हादसे में 8 लोग घायल हो गए। ​कैंपर में सवार सभी लोग पोकरण स्थित रामदेवरा दर्शन करने जा रहे थे। हादसा सोमवार शाम 4:30 बजे सेड़वा थाना इलाके के पीरू का तला गांव में हुआ। बताया जा रहा है कैंपर का टायर फटने से ये हादसा हुआ। गुजरात का रहने वाला है परिवार पुलिस के अनुसार मऊसरी (गुजरात) गांव निवासी ज्योति (7) पुत्री हरीश भाई अपने परिवार के साथ बोलेरो कैंपर में सवार होकर रामदेवरा बाबा के दर्शन करने के लिए जा रहे थे। इसमें महिलाएं समेत 10 जने सवार थे। भारत माला पीरु का तला गांव के पास अचानक गाड़ी का टायर फट जाने से बेकाबू हो गई। हाईवे से नीचे उतरते हुए पलटी खा गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी। वहीं घायलों को गाड़ी से बाहर निकालकर सेड़वा हॉस्पिटल पहुंचाया गया। गाड़ी के नीचे दबने से एक ज्योति की मौत हो गई। वहीं 8 जने घायल हो गए। एक गंभीर घायल को गुजरात रेफर कर दिया गया। सेड़वा थानाधिकारी प्रभुराम ने बताया- सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। एक गंभीर घायल को गुजरात की तरफ रेफर किया गया। फिलहाल हादसे को लेकर जांच पड़ताल की जा रही है।