जालोर में दादी की तीये की बैठक में शामिल होकर लौट रहे बाइक सवार पोते को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। हादसे में स्कॉर्पियो युवक के ऊपर से गुजर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर बागोड़ा टोल बूथ के पास बागोड़ा थाना क्षेत्र में शाम करीब साढ़े 6 बजे हुआ। रॉन्ग साइड से आ रही एक स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार भीनमाल के पमाना गांव निवासी विशाल कुमार की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया। शव को बागोड़ा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पहले देखिए… हादसे की 2 तस्वीरें जीवाना से बागोड़ा जाते समय हुआ हादसा
बागोड़ा थाने के कॉन्स्टेबल शिवजित सिंह ने बताया- विशाल कुमार अपनी बाइक से शाम 6.30 बजे जीवाना से बागोड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से रॉन्ग साइड से आ रही स्कॉर्पियो ने उसकी बाइक को चपेट में ले लिया और कुचलते हुए उसके ऊपर से गुजर गई। इसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों व अन्य वाहन चालकों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर बागोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु करवाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लिया और बागोड़ा के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का सुबह पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। विशाल कुमार मजदूरी का काम करता था। उसके एक बेटा और एक बेटी है। पुलिस के अनुसार- विशाल की दादी का 3 दिन पहले ही निधन हुआ था। तीसरे दिन होने वाली शोक बैठक में शामिल होकर लौटते समय हादसा हो गया।
