चित्तौड़गढ़ में दिनदहाड़े भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। वे स्कूटी पर जा रहे थे। इस दौरान बाइक पर हेलमेट पहनकर आया बदमाश फायरिंग कर फरार हो गया था। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के सिटी पेट्रोल के पास मंगलवार सुबह 11 बजे की। बीजेपी नेता रमेश ईनाणी (65) साल 2019 से 2022 तक पार्टी में नगर मंत्री के पद पर रह चुके हैं। उनके पैर और पीठ में गोली लगी थी। सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है कि जैसे ही उन्हें गोली लगी, वे स्कूटी से गिर गए। हमले में गंभीर घायल भाजपा नेता को चित्तौड़गढ़ के सरकारी हॉस्पिटल लाया गया। जहां उनकी गंभीर हालात को देखते हुए उदयपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सबसे पहले देखिए, घटना की PHOTOS… बाइक पर पीछा कर रहा था बदमाश
एसपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि रमेश ईनाणी के कूरियर का भी बिजनेस था। वे स्कूटी पर किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान हेलमेट पहना बाइक सवार उनका पीछा कर रहा था। उसने रमेश ईनाणी को ओवरटेक किया और फायर कर दिया। बताया जा रहा है कि बदमाश ने दो फायर रमेश पर किए थे। इनमें से एक गोली उनकी पीठ और दूसरी पैर में लगी थी। एक आरोपी को डिटेन किया है। उसने हमला क्यों किया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गए थे। घटना से आधा घंटे पहले MLA के ऑफिस में थे
रमेश ईनाणी चित्तौड़गढ़ के कृष्णा नगर, चामटी खेड़ा रोड के रहने वाले थे। वे घटना से पहले सुबह 10:30 बजे तक विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के ऑफिस में थे। वे यहां से अपने घर गए और घर से राणा सांगा मार्केट स्थित अपने ऑफिस ईनाणी कूरियर सर्विस जा रहे थे। इसी दौरान उन पर हमला हुआ। घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक चंद्रभान सिंह आक्या भी मौके पर पहुंचे। बेटे सौरभ ईनाणी ने बताया- पिता की एक जमीन रामद्वारे के पीछे भी है। उसे लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। आशंका है कि इसी विवाद के कारण उनकी गोली मारकर हत्या की गई।
