अलवर जिले के पिनान में पुलिस चौकी को थाने में क्रमोन्नत किए जाने के बाद गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म पिनान पहुंचे। यहां छप्पर स्थित भाजपा हाउस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा से प्रत्याशी रहे बन्नाराम मीणा पर चुटकी लेते हुए कहा कि यह बड़े चालाक आदमी हैं, खुद तो पेट्रोल पंप खोल लेते हैं और हमसे थाना खुलवा लेते हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि इतना होशियार आदमी इस बार विधानसभा में जाने से चूक गया, इसमें कहीं आपसे गलती हो गई और कहीं हमसे। मंत्री बेढ़म ने संबोधित करते हुए कहा कि जब वह पिछली बार पिनान आए थे, तब बन्नाराम मीणा उनके कान में फुसफुसाते हुए कह रहे थे कि आप पुलिस विभाग के मंत्री हैं, यहां एक थाना खुलवा दीजिए। इस पर उन्होंने कहा था कि अगर यहां थाना खुल गया तो गुर्जर और मीणा नाराज हो जाएंगे। लेकिन बन्नाराम मीणा ने भरोसा दिलाया कि कोई नाराज नहीं होगा, वह सबको मना लेंगे। मंत्री ने कहा कि पिनान में थाने की जरूरत भी थी, क्योंकि यहां से एक्सप्रेस-वे गुजरता है और आसपास कई घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने कहा कि आम लोग तो दूसरे कामों से निकल गए, लेकिन गो-तस्करी करने वाले इसी रास्ते से गुजरते हैं। थाना बनने से ऐसी गतिविधियों पर अंकुश लगेगा। बेढ़म ने बताया कि केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने भी इस संबंध में कहा था, जिसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा और मुख्यमंत्री ने पिनान चौकी को थाने में क्रमोन्नत करने की घोषणा कर दी। वहीं मंच पर बैठे किशनगढ़बास से भाजपा के प्रत्याशी रहे रामहेत यादव की ओर इशारा करते हुए मंत्री ने कहा कि जब वह किशनगढ़बास जाते हैं तो लोग कहते हैं कि हमारा नेता कैसा हो, रामहेत यादव जैसा हो।रामहेत यादव जब मंत्री बनता तब आपने पटक लिया, तो सोचेगा कोन ,जानता के लोग सोचेंगे।
