भरतपुर में 7वीं क्लास की छात्रा ने साड़ी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सुबह 4 बजे पिता ने देखा तो उसके कमरे का दरवाजा आधा खुला था। उन्होंने झांक कर देखा तो बेटी फंदे से लटक रही थी। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। कोतवाली थाना ASI वीरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह करीब 4 बजे हुई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पिता बोले- सुबह 4 बजे फंदे से लटकी मिली
मृतका के पिता ने बताया कि उनकी बेटी(15) सातवीं क्लास में पढ़ती थी। रात को बच्चे मोबाइल में गेम खेल रहे थे। बेटी भी रात 12 बजे तक उनके साथ ही थी। फिर वो अपने कमरे में सोने चली गई। सुबह 4 बजे के करीब मैंने देखा तो बेटी के कमरे का दरवाजा आधा खुला हुआ था। जब झांक कर देखा तो बेटी कुंदे में साड़ी के बनाए फंदे से लटकी हुई थी। पिता ने बताया- मैंने उसे गोद में लिया और गरासी से साड़ी को काटकर उसे उतारा। फिर नीचे लेटाया। हालांकि तब तक उसकी सांसें थम चुकी थी। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी भी आए। फिर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उसे आरबीएम हॉस्पिटल भी लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी ने नवरात्रि के व्रत किए थे
पिता ने बताया कि बेटी ने नवरात्रि के व्रत किए थे। उसके 2 दिन के व्रत और बचे थे। कल(रविवार) उसने मुझसे 100 रुपए मांगे थे, जो मैंने दे दिए थे। पूरी कोशिश थी कि सभी बच्चों को खुश रखूं। पुलिस बोली- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति क्लियर होगी
ASI वीरेंद्र सिंह ने बताया- पोस्टमॉर्टम के बाद नाबालिग का शव परिजनों को सौंप दिया है। सुसाइड के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति क्लियर हो सकेगी।