भरतपुर में सड़क किनारे चल रहे एक ही गांव के 3 दोस्तों को बेकाबू कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों उछल कर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर चीख-पुकार मच गई। तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 16 साल के नाबालिग की मौत हो गई। वहीं कार ड्राइवर अपनी गाड़ी को छोड़कर भाग निकला। पुलिस इसकी तलाश में जुटी है। मामला चिकसाना थाना इलाके के सामसपुर गांव का सुबह 10:20 बजे का है। अंडर ट्रेनिंग IPS मर्रीपाटि नागा भरत ने बताया- बेकाबू कार ने पैदल जा रहे तीन लड़कों को टक्कर मार दी। इसमें नवीन सिंह (20), भोला (21) और अनुराग (16) घायल हो गए। इसमें से अस्पताल में इलाज के दौरान अनुराग की मौत हो गई। वहीं नवीन और भोला घायल हैं। जिनका भरतपुर के RBM अस्पताल में इलाज चल रहा है। ड्राइवर मौके से भागा जानकारी के अनुसार, तीनों को टक्कर मारने वाली कार हरियाणा की है। टक्कर मारने के बाद ड्राइवर कार को मौके पर ही छोड़कर चला गया। मौके पर FSL की टीम ने जाकर सबूत जुटाए हैं। कार को जब्त कर लिया गया है। कार के ड्राइवर की तलाश की जा रही है।