भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव का मंगलवार को जैन जवाहर भवन में शुभारंभ हुआ। इस दौरान अजमेरी गेट स्थित कीर्ति स्तंभ ‘भगवान महावीर की जय’ के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम स्थल पर प्रार्थना के मधुर स्वरों से पूरा पंडाल भक्तिमय हो गया। महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक साथ बैठकर सामायिक साधना और स्वाध्याय किया। सभी ने लगभग एक घंटे तक भगवान महावीर की स्तुति और नवकार महामंत्र का सामूहिक जाप किया, जिससे आध्यात्मिक वातावरण निर्मित हुआ।

समाज के वरिष्ठ सदस्य शांति लाल शाह ने कीर्ति स्तंभ पर जैन ध्वज फहराकर महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। ध्वजारोहण के साथ ही पूरा क्षेत्र जयकारों से गूंज उठा और माहौल धार्मिक हो गया। इस अवसर पर महोत्सव संयोजक विमल शाह, प्रकाश जैन, जसवंत बाबेल, गौतम चौधरी, महावीर बाफना, सुशील छाजेड़, महावीर नाहर, आशीष डोसी, संजय चोरडिया और उत्तम भंडारी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम में युवाओं और मातृशक्ति की भी भागीदारी रही। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना रहा।