प्रतापगढ़ पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना घंटाली पुलिस ने नौगांवा से जमशेद उर्फ जम्मू खां को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबत सिंह और पुलिस उप अधीक्षक सुनील कुमार जाखड के नेतृत्व में थानाधिकारी सोहनलाल की टीम ने की। 29 अगस्त 2025 को थाना अरनोद और कोटडी पुलिस ने नान्दवेल फन्टा शोली पर नाकाबंदी के दौरान एक व्यक्ति को पकड़ा था। मंदसौर निवासी जाहिद उर्फ जावेद से 10.02 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई थी। पूछताछ में जाहिद ने बताया था कि उसने यह नशीला पदार्थ नोगांवा निवासी जम्मू लाला उर्फ जमशेद खां से खरीदा था। 15 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जमशेद को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने जाहिद को ब्राउन शुगर की सप्लाई करने की बात स्वीकार की।