ब्यावर की साकेतनगर थाना पुलिस ने जानलेवा हमले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की जानकारी के आधार पर आरोपियों को दबोचा। साकेतनगर थाने को 22 सितंबर 2025 को दो युवकों पर जानलेवा हमले की सूचना मिली थी। घायल दुष्यंत सिंह रावत के अनुसार वह अपने दोस्त चेतन सिंह और सुनील के साथ मोटरसाइकिल से खाना खाने जा रहे थे। इसी दौरान एक बोलेरो पिकअप चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुष्यंत और चेतन को गाड़ी में डालकर एक सुनसान जगह ले जाया गया। वहां उन पर लाठियों और सरियों से हमला किया गया। हमलावर उन्हें मरा समझकर मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। लगातार दबिशों के बाद पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश सिंह पुत्र हरी सिंह रावत निवासी करला, थाना जवाजा, जिला ब्यावर और हितेश मेवाड़ा पुत्र दिनेश कलाल निवासी बागलिया, थाना जवाजा, हाल उदयपुर रोड चुंगी नाका, थाना साकेतनगर, जिला ब्यावर के रूप में हुई है। हितेश मेवाड़ा की तबीयत खराब होने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उसे न्यायाधीश के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। राकेश सिंह को बाद में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।