नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा- मुख्यमंत्री भजनलाल को लोग सीरियस नहीं ले रहे। मैंने पहला मुख्यमंत्री देखा है, जिन्हें यह पता नहीं चल रहा कि सरकार कौन चला रहा है। भाजपा सरकार ने पेपर लीक और आरपीएससी जैसी भर्तियों से जुड़े मुद्दों को लेकर यू-टर्न लिया है। उन्होंने कहा- सरकार की कथनी और करनी में फर्क है। बीजेपी और कांग्रेस राजस्थान में एक जैसी ही है। मुख्यमंत्री से जुड़े लोग राज्य को लूटने में लगे हुए हैं। बेनीवाल ने यह बात शनिवार को जोधपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से कही। उन्होंने कहा- प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है। खुद मुख्यमंत्री को पांच बार धमकी मिल चुकी है। राजस्थान में नशा और गैंगवार बढ़ रही है। पंजाब से भी ज्यादा नशा यहां होने लगा है। गहलोत के करीबी अब बीजेपी के चहेते
बेनीवाल ने कहा कि जोधपुर संभाग में इसके कई उदाहरण हैं। जो अधिकारी गहलोत के करीबी थे, हमारे फोन टैप करवा रहे थे, आज बीजेपी के करीबी है और भ्रष्टाचार-व्यापार में लगे हुए हैं। हम बिना किसी विधायक के लड़ाई लड़ रहे हैं, क्योंकि विधानसभा में हमारा कोई विधायक नहीं है। हम या तो सड़क पर या संसद में लड़ाई लड़ रहे हैं, हर व्यक्ति की आवाज उठा रहे हैं। इंडिगो सरकार को कर रही चैलेंज
बेनीवाल ने इंडिगो के फ्लाइट संचालन में आ रही गड़बड़ियों को लेकर कहा कि इससे आमजन परेशान हो रहा है। इंडिगो सरकार को सीधा-सीधा चैलेंज कर रही है, यह देश का बड़ा दुर्भाग्य है। आज जब हम आ रहे थे, तब भी यह लग रहा था कि पता नहीं इंडिगो चलेगी कि नहीं चलेगी, ऐसी स्थिति हो गई है। जब दिल्ली में पार्लियामेंट चल रही है, उस वक्त इंडिगो ने सरकार को चैलेंज किया है। सरकार को इंडिगो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं, डॉलर के मुकाबले रुपए की गिरावट को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि इस मुद्दे को वे संसद में उठाएंगे। ———- ये खबर भी पढ़िए… बेनीवाल बोले- 61 भारतीयों को रूस-यूक्रेन युद्ध में धकेला:राजस्थान के भी 5 युवा शामिल, धोखे से फ्रंटलाइन पर भेजा; संसद में उठाया मुद्दा रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 4 दिसंबर को भारत आ रहे हैं। उनके आने से एक दिन पहले बुधवार को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के संयोजक और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने लोकसभा के शून्यकाल में रूस में फंसे 61 भारतीय युवकों का मामला उठाया है। (पढ़ें पूरी खबर)
