तिजारा से भाजपा विधायक बाबा बालकनाथ डीग जिले के नवनामित कस्बे बृज नगर (पूर्व नाम ‘नगर’) पहुंचे। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। विधायक बालकनाथ गोवर्धन स्थित गिर्राज महाराज के दर्शन और सप्तकोसीय परिक्रमा के लिए जा रहे थे। बृज नगर के मुख्य बाजार और तिराहे पर विधायक का काफिला पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बाबा बालकनाथ का साफा पहनाकर और पुष्प मालाओं से अभिनंदन किया। इस दौरान समर्थकों ने ‘जय श्री राम’ और ‘गिर्राज महाराज’ के नारे लगाए। विधायक ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना के साथ गिर्राज जी की शरण में जा रहे हैं। स्वागत कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से संक्षिप्त चर्चा भी की।
हाल ही में राज्य सरकार द्वारा ‘नगर’ का नाम बदलकर बृज नगर किए जाने के बाद से क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक सक्रियता बढ़ी है। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम के प्रयासों से हुए इस नामकरण के बाद बाबा बालकनाथ का यह दौरा कार्यकर्ताओं के लिए उत्साहजनक रहा। इस अवसर पर भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
