बूंदी खेलकूद विकास समिति द्वारा ‘स्वच्छ बूंदी-स्वस्थ बूंदी’ की अवधारणा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘बूंदी किड्स रन 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को जिला कलक्टर अक्षय गोदारा ने बच्चों में फिटनेस और खेल भावना को प्रोत्साहित करने वाली इस दौड़ के पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी हर्षवर्धन सिंह चुंडावत, समिति अध्यक्ष शक्ति तोषनीवाल, सचिव दीपक गुर्जर, योग प्रशिक्षक भूपेन्द्र योगी, वरिष्ठ सदस्य डॉ. जुनैद अख्तर, गौरव त्यागी और युवा धावक गोविंद प्रजापत सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला कलेक्टर गोदारा ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि नियमित खेल और शारीरिक गतिविधियां बच्चों को स्वस्थ रखने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करती हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को ऐसे आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया, ताकि वे स्वस्थ जीवनशैली अपना सकें। जिला खेल अधिकारी सिंह ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को मोबाइल और निष्क्रिय जीवनशैली से दूर कर खेलों की ओर आकर्षित करना है, जिससे वे स्वस्थ और जागरूक नागरिक बन सकें। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि दौड़ प्रतियोगिता के बाद स्वच्छता विषय पर एक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। समिति अध्यक्ष तोषनीवाल ने बताया कि ‘बूंदी किड्स रन 2026’ का आयोजन 29 मार्च, रविवार को खेल संकुल में किया जाएगा। प्रतिभागियों को सुबह 6 बजे रिपोर्ट करना होगा। दौड़ प्रतियोगिता सुबह 6:30 बजे शुरू होगी। समिति सचिव दीपक गुर्जर ने बताया कि प्रतियोगिता में बच्चों के लिए दो आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। 5 से 9 वर्ष आयु वर्ग के लिए 800 मीटर की ‘बडिंग चैंप’ दौड़ होगी, जबकि 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग के लिए 1 किलोमीटर की ‘सुपर चैंप’ दौड़ आयोजित की जाएगी। पंजीकरण की अंतिम तिथि 27 मार्च, शुक्रवार है। इच्छुक प्रतिभागी 9214577777 और 8003045590 नंबरों पर संपर्क कर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।