पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने 20 मिनट तक इंतजार किया। राजे के पहुंचने पर डोटासरा बोले- मैं जाने वाला था, आपके आने की सूचना लगी तो रुका। पूर्व सीएम बोलीं- ये अच्छा किया। ये पूरा वाकया नाल एयरपोर्ट पर बीकानेर पर गुरुवार दोपहर हुआ। इस दौरान मौके पर मौजूद रहे बीकानेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने बताया- वसुंधरा राजे और डोटासरा रामेश्वर डूडी के निधन पर शोक जताने बीकानेर पहुंचे थे। इस दौरान डोटासरा प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा को नाल एयरपोर्ट तक छोड़ने गए थे। ऐसे में, जब उन्हें मालूम चला कि वसुंधरा राजे भी यहां एयरपोर्ट पर पहुंचने वाली हैं, तो वे रुक गए। गहलोत ने बताया- जब वसुंधरा वहां पहुंची तो डोटासरा ने उनका स्वागत किया। कहा- मैं तो जा रहा था, लेकिन आपके आने की सूचना मिली तो आपका स्वागत करने के लिए रुक गया। इस पर वसुंधरा ने पहले तो धन्यवाद दिया, फिर उनका हाथ पकड़कर कहा- ये अच्छा किया। बोलीं- कांग्रेस में आए तो कैबिनेट मंत्री बन गए
गहलोत ने बताया- इस दौरान डोटासरा ने कहा कि आपने खाजूवाला से विश्वनाथ को टिकट दिया तो गोविंद मेघवाल हमारे पास आ गए। इस पर वसुंधरा ने कहा- गोविंद के लिए अच्छा हो गया, कांग्रेस में आया तो कैबिनेट मंत्री बन गया। हमें विश्वनाथ मिल गए। डोटासरा ने कहा कि हमारे यहां पर गोविंद आपको ही याद करते रहते हैं। गहलोत ने बताया- इसके बाद दोनों जाने लगे तो वसुंधरा ने डोटासरा से पूछा- अब आप कहां जा रहे हैं? इस पर डोटासरा ने मुस्कुराते हुए कहा- यहां से सीधे अंता ही जाएंगे। इस पर वसुंधरा ने तुरंत कहा- वहां मैं आपको सामने ही मिलूंगी। देखें वसुंधरा राजे और गोविंद सिंह डोटासरा की मुलाकात की तस्वीरें… 1. डोटासरा ने हाथ जोड़े 2. पूर्व सीएम राजे ने डोटासरा का हाथ पकड़ लिया 3. हंसी मजाक हुई तो भाजपा-कांग्रेस नेता भी हंस दिए
