बीकानेर के खाजूवाला में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक ने महिला की हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया। घटना के दो घंटे बाद आरोपी ने थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया और पुलिस को बताया कि अपनी पत्नी को मार दिया है। घटना से एक दिन पहले महिला ने भाई को फोन कर कहा था कि मेरे बेटे को मुझसे अलग कर दिया है। अब मुझे कभी भी मार सकता हैं। 2 अप्रैल को गुरुवार दोपहर 1:15 बजे 9 DWD गांव से जसवीर कौर (35) का शव बरामद हुआ था। भाई ने दर्ज कराया हत्या का मामला खाजूवाला थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत ने बताया- महिला के साथ लिव-इन में रहने वाला हरप्रीत सिंह गुरुवार दोपहर को थाने पहुंचा था। उसने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी है तथा शव चक 9 डीडब्ल्यूडी में पड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। लिव-इन रिलेशनशिप में थी महिला बलविंद्र सिंह ने बताया- बहन जसवीर कौर की शादी 27 केवाईडी में हुई थी। लेकिन वह अपने पति को छोड़कर पास के गांव 8 डीडब्ल्यूडी निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी सिंह के साथ रहने लगी थी। दोनों पिछले करीब ढाई साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। इस दौरान करीब एक साल पहले जसवीर ने एक बेटे को जन्म दिया था। छोटे-छोटे झगड़े बढ़े, हत्या तक पहुंचा विवाद भाई के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। जसवीर अक्सर फोन कर बताती थी कि हरप्रीत उससे मारपीट करता है और जान से मारने की धमकियां देता है। मामूली विवाद धीरे-धीरे गंभीर झगड़ों में बदल गए और आखिरकार मामला हत्या तक पहुंच गया। आरोप है कि गुरुवार को हरप्रीत ने धारदार हथियार और लाठियों से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। बेटे को पिता को सौंपा, फिर हत्या की आशंका बलविंद्र सिंह ने बताया- घटना (2 अप्रैल) से एक दिन पहले शाम को बहन जसवीर से फोन पर बात हुई थी। उसने कहा था कि हरप्रीत उसके बेटे को अपने पिता के पास छोड़ने गया है और जान से मारने की धमकी देकर गया है। वापस आकर कभी भी मार सकता है। इस मैंने उससे कहा कि कल (2 अप्रैल) शाम तक घर आकर बात करता हूं। लेकिन इससे पहले ही दोपहर करीब तीन बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बताया कि हरप्रीत ने जसवीर की हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। भाई ने रिपोर्ट में धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। 6 महीने पहले भाई से मांगे थे 30 हजार रुपए भाई बलविंद्र सिंह ने बताया- एक साल पहले बेटा होने बाद बहन से बातचीत वापस शुरू हो गई थी। करीब 6 महीने पहले बहन जसवीर ने 30 हजार रुपए मांगे थे। उसने बताया था कि ईंट भट्‌टे पर काम पर लगाना है, अगर रुपए दे देंगे तो हम ट्रैक्टर खरीद लेंगे। वीडियो : दलीप नोखवाल, खाजूवाला — घटना से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए … पति ने पत्नी की हत्या कर शव फेंका:दो घंटे बाद थाने पहुंचकर किया सरेंडर, बोला- उसे मार दिया बीकानेर में पति ने पत्नी की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया। मर्डर के दो घंटे बाद आरोपी थाने पहुंचा और सरेंडर कर बताया कि उसने पत्नी की हत्या कर दी है। पूरी खबर पढ़िए