बीकानेर में रविवार को बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से बीकानेर आ सुपरफास्ट ट्रेन रेलवे ट्रैक पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। ट्रेन की टक्कर से ट्रैक्टर और ट्रॉली साइड में हो गए। इस दौरान तेज आवाज हुई तो यात्री घबरा गए। लोको पायलट की सूझबूझ से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। उसने ट्रैक पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी देखी तो ट्रेन की रफ्तार धीमी कर दी, जिसके कारण ट्रेन डिरेल होने से बच गई। जीआरपी ने ट्रैक्टर के ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हादसा श्रीडूंगरगढ़ और बेनीसर के बीच हुआ। पहले देखिए हादसे की 2 तस्वीरें… ट्रेन को देखकर घबराया ड्राइवर, ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भागा
बीकानेर मंडल के रेल प्रवक्ता धुनी लाल कुमावत ने बताया- बीकानेर-दिल्ली सुपर फास्ट एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या- 22472) रविवार को शाम करीब 4 बजे बेनीसर को क्रॉस करके श्रीडूंगरगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंच रही थी। इससे करीब 2 किलोमीटर समपार रेलवे फाटक पर एक व्यक्ति ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आया। फाटक पर कोई गेट नहीं था। ड्राइवर ने जल्दी से रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश की और ट्रैक के बीच में आ गया। इस बीच उसने ट्रेन आती देखी तो घबरा गया। उसने ट्रैक्टर को ट्रैक पर ही छोड़ दिया और खुद कूदकर भाग गया। लोको पायलट ने ट्रैक पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी देखी तो ट्रेन की स्पीड कम कर दी। इसके बाद भी ट्रेन की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। ट्रेन की टक्कर लगते ही ट्रॉली अलग हो गई। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर पैसेंजर्स दहशत में आ गए। लोको पायलट के स्पीड कम करने के कारण ट्रेन डिरेल होने से बच गई और कोई जनहानि नहीं हुई। घटनास्थल पर कुछ देर रुकने के बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची डूंगरगढ़ थाना पुलिस और जीआरपी ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज करने की कार्रवाई की। जीआरपी ने ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
