कोर्ट कक्ष के अंदर वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने 3 युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें एक कोर्ट का कर्मचारी भी है। तीनों के खिलाफ सदर थाने में मामला दर्ज किया गया था। इस संबंध में सेशन कोर्ट में तैनात गार्ड ने सदर थाने में रिपोर्ट दी थी। पुलिस के अनुसार, सेशन कोर्ट के होमगार्ड मनीष पारीक ने रिपोर्ट में बताया कि मनीष डूडी और भूपेंद्र सिंह ने कोर्ट परिसर में अनाधिकृत तौर पर प्रवेश किया। इनमें एक न्यायाधीश की सीट पर बैठ गया और दूसरा एक्टिंग करने लगा। इस दौरान आरोपियों ने वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर डाल दिया। पुलिस ने इन 2 के साथ ही कोर्ट कर्मचारी पुष्पेंद्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज करके तीनों को गिरफ्तार कर लिया। सोशल मीडिया पर पोस्ट भी डाली आरोपियों ने बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के ग्राम न्यायालय बीकानेर के न्यायालय कक्ष में अन्य व्यक्तियों के साथ अनाधिकृत रूप से प्रवेश किया। इसके बाद जानबूझकर कोर्ट कक्ष के अंदर वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। रिपोर्ट में बताया गया है कि इस तरह का कृत्य कर आरोपियों ने न्यायालय की गरिमा भंग करने का प्रयास किया है और आमजन के बीच न्यायपालिका की छवि को प्रभावित करने की कोशिश की है। बोले- किसी ने भांग पिला दी पुलिस जांच कर रहे एएसआई तनेराव सिंह ने बताया कि दोनों ने पुलिस को बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें भांग पिला दी थी। इसी कारण वो गलती से जज की सीट पर जाकर बैठ गए। पुलिस को दिए बयान में कहा है कि पुष्पेंद्र इस दौरान कक्ष में नहीं था।