बीकानेर में शुक्रवार को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने उस समय सनसनी फैल गई जब एक व्यक्ति ने आत्मदाह का प्रयास कर लिया। आग की लपटों में घिरे व्यक्ति को मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बचाया और तुरंत उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल भिजवाया। जानकारी के अनुसार खाजूवाला क्षेत्र के 4 बीजीएम भागू गांव निवासी रामलाल पुत्र चेतनराम शुक्रवार को एडीएम सिटी कार्यालय के पास पहुंचा। बताया जा रहा है कि उसने वहां अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया और एसपी कार्यालय की ओर भागते हुए खुद को आग के हवाले कर दिया। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे रामलाल को तुरंत ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। पुलिस के अनुसार घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत को देखते हुए चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। ये युवक खाजूवाला के एक गांव का रहने वाला है और उसका एडीएम ऑफिस में कोई काम था। कई दिनों से अपने काम के लिए चक्कर काट रहा था लेकिन काम नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि इसी से नाराज होकर उसने खुद को आग लगा ली।